Jaunpur News: मखन्चू हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में ज़ख्मी
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। थाना सरायख्वाजा पुलिस टीम ने बीती रात मुठभेड़ में मखन्चू हत्याकांड के मुख्य आरोपी शक्तिमान उर्फ शक्ति बनवासी पुत्र मनीराम निवासी कुहिया को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान शक्ति के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मखन्चू की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल 32 बोर, दो खोखा कारतूस और एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की। ज्ञातव्य है कि बीते 01 नवम्बर की रात ग्राम कडैला में झाड़फूंक करने वाले मखन्चू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने कई टीमों का गठन किया।
स्वाट, सर्विलांस और थाना सरायख्वाजा की संयुक्त जांच में पता चला कि मृतक मखन्चू से शक्ति बनवासी का जमीन और पैसों को लेकर विवाद था। मखन्चू पर आरोप था कि उसने शक्ति की मां पर भूत कर दिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: बीएलओ घर-घर जाकर बांटेंगे गणना प्रपत्र
इसी रंजिश में शक्ति ने अपने दो साथियों गोरख गौतम और शत्रुधन यादव के साथ मिलकर मखन्चू की हत्या कर दी। मुखबिर की सूचना पर 08 नवम्बर को पुलिस ने गोरख गौतम पुत्र रामबचन गौतम निवासी कुहिया और शत्रुधन यादव पुत्र रामाश्रय यादव निवासी गुरैनी थाना खेतासराय को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों से पूछताछ में हत्या का पूरा राज खुल गया था।
शनिवार की रात करीब 02:10 बजे प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव मय टीम करंजाकला मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे तभी एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस के रोकने पर उसने जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया, जिसकी पहचान शक्तिमान उर्फ शक्ति बनवासी के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से पिस्टल, खोखा कारतूस और स्कूटी बरामद किया।
