Jaunpur News: दोस्त ने की थी रमाकांत की हत्या
मुंबई से घर लौटते समय मार दी थी गोली, शव झाड़ियों में छिपाया
नया सवेरा नेटवर्क
मछलीशहर जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के छाछो चकमुबारकपुर गांव निवासी 29 वर्षीय रमाकांत यादव की हत्या उसके दोस्त ने रास्ते में ही गोली मारकर कर दी और फिर शव को झाड़ियों में छिपा दिया था। 18 नवंबर को रमाकांत मुंबई से कामायनी एक्सप्रेस द्वारा घर के लिए रवाना हुआ था। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर उसके ट्रेन से उतरने की सीसीटीवी फुटेज भी मिली थी। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। 19 नवंबर की रात उसने पत्नी रेखा यादव को फोन कर कहा था कि एक घंटे में घर पहुंच जाऊंगा। उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने मछलीशहर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों पर नजर रखी।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: अखंड भारत के शिल्पकार थे सरदार पटेल
मंगलवार सुबह सिकरारा थाना क्षेत्र में पुराने बरगदर पुल के पास झाड़ियों में स्थानीय लोगों ने एक शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराई तो वह रमाकांत यादव का ही शव निकला। सिर में गहरे चोट के निशान थे। गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को पड़ोस के गांव के युवक अशोक कुमार यादव पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने सच्चाई उगल दी। अपर पुलिस अधीक्षक देहात आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक से उसका पैसे को लेकर विवाद था और पूर्व में दोनों के बीच मारपीट भी हो चुकी थी। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई। प्रयागराज से लौटते समय अशोक ने रमाकांत को अपनी गाड़ी में बैठाया और सिकरारा थाना क्षेत्र के समाधगंज के पास उसे गोली मार दी।

