Jaunpur News: युवा नशे की लत से रहें दूर : पंकज जी महाराज
नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं, जौनपुर। सोमवार को क्षेत्र के आजाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुंभी मोकलपुर में सत्संग का आयोजन किया गया। सत्संग में जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज जी महाराज ने कहा कि जिस प्रकार हवा पानी का कोई बंटवारा नहीं इसी प्रकार भगवान का भी कोई बटवारा नहीं है, क्योंकि भगवान ने सभी मनुष्यों को एक समान ही बनाया है। भगवान की तरफ से आपको सब अधिकार दिए गए हैं। अच्छा करें या बुरा करें, लेकिन फल भोगने में आपका अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य पैदा होने से पहले ईश्वर से सभी ने भजन करने का वादा किया था, लेकिन जब बड़े हुए तो भूल कर बुरे कर्म करने लग गए। जाने का समय आया तो मदद की गुहार लगाने लगे। यह मदद बिना सतगुरु के कोई और नहीं कर सकता। जब सतगुरु मिल जाएंगे और आप उनके बताए रास्तों पर चलेंगे तो आपका जीवन धन्य हो जाएगा। उन्होंने मानवता को सबसे बड़ा धर्म बताया। उन्होंने कहा कि मांसाहार व मद्यपान से परंपराएं खत्म हो रही हैं। हिंसा अपराध का वातावरण व्याप्त हो रहा है। उन्होंने सभी से युवकों को दुर्व्यसनों से बचने की अपील किया। इस अवसर पर ऋषि देव श्रीवास्तव, अरुण कुमार वर्मा, राम उजागर चौधरी, भागीरथी मौर्य, अंबिका प्रसाद आदि रहे।

