Jaunpur News: बिना हेलमेट के नहीं मिलेगा पेट्रोल
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। प्रदेश में पहली सितम्बर से शुरू 'नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान' का क्रियान्वयन अपने जनपद में भी किया जायेगा। पहली सितम्बर से तीस सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में जो भी लोग पेट्रोल पम्प पर दो पहिया वाहनों से बिना हेलमेट के पेट्रोल लेने का प्रयास करेंगे उन्हें बैरंग वापस कर दिया जायेगा। एआरटीओ प्रशासन सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पेट्रोल पम्पों पर ऐसा प्रतिबंध लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करने के लिए किया जा रहा है।
जनपद में भी सभी पेट्रोल पम्पों पर दो पहिया वाहन चलाने वाले लोगों के लिए पेट्रोल लेने के लिए जरूरी होगा कि वे हेलमेट पहनकर आयें। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के सभी पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक करके उन्हें इसका कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा मेरे निर्देशन में सभी पेट्रोल पंपों पर कड़ी निगरानी की जाएगी।
ज्ञातव्य है कि प्रदेश के कुल पंजीकृत वाहनों में सबसे अधिक संख्या दो पहिया वाहनों की है। दो पहिया वाहनों में जितनी भी दुर्घटनायें होती हैं उनमें ज्यादातर लोगों की मृत्यु हेलमेट न लगाने के कारण सिर में चोट लगने के कारण हो जाती है। चालान से बचने के लिए कुछ लोग सस्ते हेलमेट पहनते हैं। जो बीआईएस सर्टिफाइड नहीं होते हैं वह दुर्घटना होने पर उचित सुरक्षा नहीं प्रदान कर पाते हैं।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: बाइक को बचाने में ट्रक में घुसी कार, 3 गंभीर
![]() |
| विज्ञापन |

