Jaunpur News: कोटे की दुकान का खुली बैठक में नहीं हो पाया आवंटन
इजहार हुसैन @ नया सवेरा
जफराबाद, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के वसीरपुर गांव के कोटे की दुकान के आवंटन को लेकर सोमवार को खुली बैठक में एक बार फिर आवंटन नहीं हो पाया। अब अगले आदेश पर कुछ होगा। उक्त कोटे की दुकान को अनियमितता तथा पूर्व कोटेदार के जेल जाने के बाद आवंटन रद्द कर दिया गया था। तब से गांव के दूसरे कोटे की दुकान से अटैच करवाकर ग्रामीणों को राशन दिया जा रहा है। एसडीएम सदर के आदेश पर 16 जुलाई को कोटा आवंटन करने के लिए गांव में खुली बैठक बुलाई गई। बैठक में यह आदेश था कि कोटे की दुकान को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार को राशन की दुकान आवंटित की जाय।
यह भी पढ़ें | Mumbai News: शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षक का सम्मान व काव्यगोष्ठी सम्पन्न
गांव में एक भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी न होने से बैठक का कोरम पूरा करके एसडीएम को रिपोर्ट भेज दी गई। एक बार फिर एसडीएम सदर ने आदेश दिया कि खुली बैठक बुलवाकर किसी अनुसूचित जाति के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को उक्त दुकान का आवंटन कर दी जाय। आज भी बैठक बिना नतीजे के खत्म हो गयी, क्योंकि एक भी अनुसूचित जाति का स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गांव का नहीं था। इस बैठक को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। जब सामान्य वर्ग के लिए बैठक 16 जुलाई को हुई थी तभी साफ हो गया था कि कोई भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गांव में नहीं था।
उसके बाद एसडीएम सदर का यह आदेश किसी के गले नहीं उतर रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि जब दुकान पुराने कोटेदार से हटा ली गई तो उसे दूसरे राशन की दुकान से अटैच करके चलवाने से बेहतर गांव के किसी समूह को चलवाने के लिए देना चाहिए। एडीओ पंचायत सिरकोनी रत्नेश सोनकर ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर यह बैठक की गई। कोई भी अनुसूचित जाति का व्यक्ति स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नहीं था। एसडीएम को रिपोर्ट भेज दी गयी। अगले आदेश के बाद पुनः कुछ किया जाएगा। बैठक में अंकेश सरोज, विजय कुमार सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
