Mumbai News: जयगुरुदेव संगत का दशहरा सत्संग 1अक्टूबर से
देश के कोने-कोने से जुटेंगे श्रद्धालु
नवी मुंबई. बाबा उमाकांत महाराज के सानिध्य में जयगुरुदेव संगत की ओर से खारघर में 1 और 2 अक्टूबर को दशहरा सत्संग का आयोजन किया गया है. खारघर के सेक्टर-29 स्थित सेन्ट्रल पार्क ग्राउंड 1 में 1 अक्टूबर को शाम 5 बजे और 2 अक्टूबर सवेरे 7 बजे महाराज द्वारा सत्संग एवं नामदान दिया जायेगा. इस आध्यात्मिक दशहरा उत्सव में शामिल होने के लिए भारत के सभी राज्यों के साथ-साथ अमेरिका एवं अन्य देशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे, जिसके लिए मुंबई तथा महाराष्ट्र संगत के जिम्मेदारों द्वारा बेहद बड़े स्तर पर व्यवस्था की जा रही है. इसमें आने वाले भक्तों के ठहरने के लिए सैकड़ों कैंप, भोजन भंडारे, शौचालय, चिकित्सा, सुरक्षा जैसे अनेक विभाग तैयार किए जा रहे हैं.
महाराज के आदेश से इस आध्यात्मिक दशहरा उत्सव में दुःख निवारण जयगुरुदेव ध्वज को भी लगाया जायेगा, जिसके लिए महाराज द्वारा बताया गया है कि जो भी व्यक्ति उस स्थान पर जाकर प्रार्थना करेगा, उसे श्रद्धा,भाव,भक्ति के अनुसार दुःख,तकलीफ,बीमारी में फायदा ज़रूर होगा. दोनों ही दिन महाराज द्वारा सत्संग, नामदान के साथ भक्तों को महाराज का दर्शन भी मिलेगा. कार्यक्रम स्थल पर विशाल मंच एवं पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसमें संगत के सेवादार द्वारा दिनरात सेवा की जा रही है.

