Jaunpur News: खाद्यान्न घोटाले में कोटेदार गया जेल
दो दशक पुराने खाद्यान्न घोटाले में ईओडब्ल्यू वाराणसी की टीम ने की बड़ी कार्रवाई
नया सवेरा नेटवर्क
केराकत, जौनपुर। ईओ डब्ल्यू वाराणसी की टीम ने केराकत थाना क्षेत्र के घुरहूपुर गांव निवासी तत्कालीन कोटेदार रमेश चंद्र तिवारी को उसके घर से दबोच लिया। बताते हैं कि वर्ष 2004-05 में सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के तहत मुफ्तीगंज विकास खंड के विभिन्न गांवों में नाली, खड़ंजा, पटरी मरम्मत, सीसी रोड व पुलिया निर्माण प्रस्तावित था। मजदूरों को मेहनताने की जगह चावल दिया जाना था, लेकिन जांच में सामने आया कि फर्जी मास्टर रोल तैयार कर खाद्यान्न की कालाबाजारी कर दी गई। घोटाले में तत्कालीन जिला पंचायत अध्यक्ष, एक अवर अभियंता और कोटेदार की भूमिका पाई गई थी। जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल हो चुका है, जबकि अवर अभियंता की गिरफ्तारी अब भी लंबित है। ईओडब्ल्यू ने बताया कि आरोपी रमेश चंद्र तिवारी के खिलाफ धारा 409, 420, 467, 468, 471, 477ए, 120बी, 34 भादंवि व 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार कोटेदार को वाराणसी स्थित भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने आरोपित को जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: स्लो मोटरसाइकिल रेस के विजेता बने मोहम्मद इश्तियाक


