Jaunpur News: जयरामपुर तिराहे पर मारपीट, चाकू के हमले में युवक घायल
चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के जयरामपुर तिराहे पर दो पक्षों में कहासुनी मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई। इस दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, भन्नौर पक्की कोट निवासी अनमोल कुमार सिंह का आरोप है कि वह अपने मित्र लकी सिंह और मंगल सिंह के साथ जयरामपुर तिराहे पर खड़ा था। तभी गांव का ही मुस्ताक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट करने लगा। आरोप है कि, इसी दौरान उसने गोल्डेन कलर के चाकू से वार किया, जिससे अनमोल के हाथ और पीठ पर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मुस्ताक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लाठी-डंडे से मारपीट की बात सामने आई है। चाकू चलने की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद होगी।

