Jaunpur News: अनिश्चित कालीन धरना! तीसरे दिन व्यापारियों ने दिया किसानों को समर्थन
विनय सिंह @ नया सवेरा
चंदवक, जौनपुर। पूर्वांचल किसान संगठन द्वारा मांगों के समर्थन में आयोजित अनिश्चित कालीन धरने के तीसरे दिन भी गांधी पार्क में किसान बैठे रहे। किसानों के धरने को चंदवक के व्यापारियों ने समर्थन का एलान करते हुए धरने में शिरकत की। संगठन राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर आए दिन हो रही दुघर्टनाओं को रोकने, अधूरे राजमार्ग पर बड़े वाहनों का परिचालन दिन में बंद करने, कनौरा गांव में 27 अगस्त को हुए दुघर्टना में एक व्यक्ति की मौत व दो के घायल होने के बाद लगे जाम के माम्मले में किसान नेता अजीत सिंह सहित 14 नामजद व 40 अज्ञात के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने, राजमार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था करने की मांग के समर्थन में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहा है।
किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 233 का निर्माण पूर्ण नहीं हो पाया। केराकत तहसील के अंर्तगत 22 गांवों से होकर गुजरने वाले 16 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे का निस्तारण नहीं हो पाने के कारण अधूरा है, बावजूद इसके एनएचएआई द्वारा टोल टैक्स की वसूली की जा रही है। किसानों ने पांच सदस्यीय समिति घोषणा की जो वाराणसी में प्रधानमंत्री से मिलकर समस्या को रखेंगी।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर द मर्सी क्लब ने किया स्वागत
किसान संगठन ने अधिकारियों को मांगपत्र सौंपा है कि जब तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण नहीं हो जाता बड़े वाहनों के लिए दिन में नो इंट्री हो, सड़क के किनारे टूटे स्थानों को दुरुस्त किया जाय, राजमार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था की जाय। 27 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद हुए जाम के मामले में दर्ज मुकदमे को वापस लिया जाय। प्रदर्शन में व्यापारी लाल जी बरनवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र जोशी, चंद्रिका यादव, भोलानाथ सेठ, मो. जैद अंसारी, सुनील जायसवाल, सौरभ सोनकर, अभिषेक, राहुल, अनुज, कैलाश सहित अन्य लोग सम्मिलित हुए।


