Jaunpur News: प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी...
शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन हजारों भक्तों ने मां के दरबार में टेका मत्था
भक्तों ने हाजिरी लगाकर मांगी मन्नत, घण्टे-घडि़यालों से गूंज उठा माहौल
पहले दिन खुले पूजन पंडालों में मां के पट, जयघोष से गूंज रहे इलाके
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। शारदीय नवरात्रि का शुभारम्भ हो गया जिसके चलते जहां पूर्वांचल की शक्तिपीठ मां शीतला चौकियां धाम, मैहर मंदिर परमानतपुर, विंध्यवासिनी मंदिर ताड़तला, नवदुर्गा शिव मंदिर विसर्जन घाट पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इसके अलावा जिला मुख्यालय सहित जनपद के विभिन्न बाजारों, कस्बों, गांवों में पूजन पंडाल बनाकर मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं लगायी गयीं।
उधर लोगों ने घर में कलश की स्थापना करके पूरे विधि-विधान से जगतजननी की पूजन-अर्चन किया। साथ ही लोगों द्वारा 9 दिवसीय व्रत का भी शुभारम्भ हो गया। देखा गया कि चौकियां धाम में सुबह 3 बजे से दर्शनार्थियों की भीड़ एकत्रित हो गयी जहां पौने 5 बजे माता रानी की आरती करने के बाद मंदिर का पट्ट खुला जिसके बाद भक्तों द्वारा नारियल, चुनरी, माला, फूल आदि लेकर दर्शन-पूजन शुरू हो गया जो सुबह से लेकर देर रात तक जारी रहा। वहीं मैहर देवी मन्दिर परमानतपुर, विंध्यवासिनी मन्दिर ताड़तला, नवदुर्गा शिव मन्दिर विसर्जन घाट सहित अन्य देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी देखी गयी।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: समाजसेवा के प्रकाश से जौनपुर को आलोकित करते वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह
इसी तरह महिलाओं, पुरुषों, युवाओं द्वारा घर में कलश की स्थापना करके विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। उधर श्री दुर्गा पूजा महासमिति के नेतृत्व में जगह-जगह बनाये गये पूजन पण्डाल में मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान गणेश व कार्तिकेय की प्रतिमाएं लगायी गयीं। इसके साथ ही जगह-जगह बजने वाले देवी गीत से पूरा माहौल देवीमय हो गया। इस बाबत विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि शारदीय नवरात्रि का प्रथम दिन शैलपुत्री का है। इस दिन कलश स्थापना के साथ ध्वजारोहण होता है।
.jpg)
.jpg)

