Jaunpur News: भाजयुमो के जिला महामंत्री ऋषिकेश श्रीवास्तव सैंकी का निधन, जिले में शोक की लहर | Naya Sabera Network
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। नगर के हुसेनाबाद मोहल्ला निवासी और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला महामंत्री ऋषिकेश श्रीवास्तव उर्फ 'सैंकी' का आज सुबह निधन हो गया। वे बीते एक वर्ष से लखनऊ में हुए सड़क हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल थे और तभी से उनका उपचार चल रहा था। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष लखनऊ में एक सड़क दुर्घटना में वे बुरी तरह घायल हो गए थे। हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका लंबे समय तक इलाज चलता रहा। परिजनों और पार्टी के सहयोगियों ने हर संभव प्रयास किया, वहीं डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आज सुबह उन्होंने अपने घर पर उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।
यह भी पढ़ें | Panchang: 12 मई 2025 का पंचांग, पढ़े.... | Naya Sabera Network
ऋषिकेश श्रीवास्तव 'सैंकी' की असमय मृत्यु की खबर फैलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ पड़ी। भाजयुमो कार्यकर्ताओं से लेकर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों और युवा वर्ग में उनके निधन से गहरा दुःख है। सैंकी न केवल एक कर्मठ राजनीतिक कार्यकर्ता थे, बल्कि सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन पर भाजपा के स्थानीय नेताओं, भाजयुमो पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शहरवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कई नेताओं ने कहा कि सैंकी का यूं असमय जाना पार्टी और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर रखा गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
![]() |
विज्ञापन |