Jaunpur News: समाज के विकास की मुख्य धुरी होती हैं महिलाएं : डॉ. सुभाष सिंह | Naya Sabera Network
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। सेवा भारती जौनपुर के तत्वावधान में आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर महिलाओं एवं युवतियों के आर्थिक स्वालम्बन हेतु सेवा बस्ती पुरानी बाजार में अनवरत चलने वाले नारी स्वावलम्बन केन्द्र का शुभारम्भ हुआ जहां जरूरतमंदों को त्रैमासिक निःशुल्क सिलाई कार्य का पूर्ण प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य अतिथि डॉ सुभाष सिंह ने कहा कि महिलाएं परिवार के साथ समाज के विकास की मुख्य धुरी होती हैं। इनके विकास से ही संपूर्ण समाज का उत्थान संभव है। उन्होंने नारी स्वावलंबन के साथ नारी सम्मान की महत्ता पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
सेवा भारती जौनपुर ने नारी स्वावलम्बन केन्द्र का किया शुभारम्भ
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिला संघचालक डॉ सुभाष सिंह, सेवा भारती अध्यक्ष अनिल गुप्ता, सह संचालक प्रेमचंद शुक्ल, संरक्षक डॉ विनोद कनौजिया, कोषाध्यक्ष सीए सुजीत अग्रहरि, महिला प्रमुख स्वप्निल सिंह सहित संस्था के लोगों ने मां भारती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके किया। तत्पश्चात रजनीकांत द्विवेदी ने भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना कराकर सिलाई मशीन प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ कराया।
कार्यशाला की योजना को संस्थाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने विस्तार से बताया
संस्थाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने नारी स्वालंबन केंद्र के उद्देश्य एवं इस सिलाई प्रशिक्षण कार्यशाला की योजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुये स्वावलम्बन कार्यक्रम संयोजक आनंद मिश्र एवं प्रशिक्षिका शांति चतुर्वेदी के प्रयासों की प्रशंसा किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला बाल्य कार्य प्रमुख नारायण दास ने किया। इस अवसर पर उमेश चन्द्र गुप्ता, सखी वेलफेयर की अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, रेखा त्रिपाठी, रजनी साहू, रेखा सिंह, शशि मिश्रा, दिनेश गुप्ता, सुधीर सिंह, रजनीश शर्मा, दीपक सिंह, ओम प्रकाश मौर्य, डॉ राजेश कुमार सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।