Mumbai News: शिवसेना के वरिष्ठ नेता और ठाणे के पहले मेयर सतीशचंद्र प्रधान का निधन | Naya Savera Network
नया सवेरा नेटवर्क
ठाणे। शिवसेना के पूर्व सांसद और ठाणे जिले के पहले मेयर सतीशचंद्र प्रधान का रविवार को निधन हो गया। सतीश प्रधान काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे, जिसके कारण रविवार को अस्पताल में 85 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। इस बात की जानकारी उनके परिवार के सदस्यों ने दी। उनके अंतिम संस्कार के लिए आज यानी सोमवार की सुबह शवयात्रा उनके घर से निकलेगी। पूर्व राज्यसभा सदस्य सतीशचंद्र प्रधान ने 1966 में बाल ठाकरे के साथ मिलकर शिवसेना के गठन में बड़ी भूमिका निभाई थी। साथ ही उन्होंने ठाणे शहर में पार्टी के संगठन में बड़ा योगदान दिया था। सतीशचंद्र प्रधान ठाणे नगर निगम के पहले मेयर बने थे, जहां उन्होंने शहर के विकास के लिए अहम फैसले लिए थे।
- ठाणे के विकास में अहम योगदान
सतीशचंद्र प्रधान ने सांसकृतिक, कला और खेल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए है। जानकारी दें कि दादाजी कोंडदेव स्टेडियम और राम गणेश गडकरी थिएटर ठाणे विकसित करने में उनका बहुत बड़ा हाथ रहा है। सतीशचंद्र प्रधान का जन्म 29 अगस्त 1940 को मध्यप्रदेश के धार क्षेत्र में हुआ था। 1992 के बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में आरोपी के तौर पर उनका भी नाम था, लेकिन 2020 में एक विशेष सीबीआई अदालत ने इस मामले से उन्हें बरी कर दिया था। पिछले कुछ महीनों से वे काफी बीमार चल रहे थे और उनका स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा था, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई।
- उनके कामों के नमूने
1982 में सतीशचंद्र प्रधान ने ठाणे नगर निगम की स्थापना के बाद मेयर का पदभार संभाला, जहां उन्होंने नए बदलावों को अपनाने के लिए सभी को प्रेरित किया और इसके लिए जरूरी विशाल संरचनाओं का निर्माण किया था। गडकरी रंगायतन और दादाजी कोंडदेव स्पोर्ट्स हॉल उनके कामों के खास नमूने है।