Bihar News : बांका में एक ही परिवार के पांच लोगों ने खाया जहर, दंपति की मौत | Naya Savera Network
नया सवेरा नेटवर्क
बांका। बिहार में बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहर खा लिया, जिससे दंपति की मौत हो गयी तथा तीन बच्चे बीमार हो गये। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि बलुआ गांव में शुक्रवार की देर रात कन्हाय महतो (40) समेत उसके परिवार के पांच लोगों ने जहर खा लिया। सभी लोगों को ग्रामीणों ने रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिये भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी को इलाज के लिये अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में कन्हाय महतो की मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान कन्हाय महतो की पत्नी गीता देवी (35) की भी मौत हो गयी। कन्हाय महतो के तीन बच्चों का इलाज चल रहा है। कन्हाय महतो के घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। कन्हाय महतो ने निजी बैंक से लोन लिया था।आर्थिक तंगी से परेशान होकर कन्हाय महतो और उसके परिवार के सदस्यों ने जहर खा लिया था। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।