#IndoreNews: निर्माणाधीन फार्म हाउस की छत गिरने से पांच मजदूरों की मौत | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू तहसील अंतर्गत सिमरोल थाना क्षेत्र के चोरल गांव में एक निर्माणाधीन फार्म हाउस की छत गिरने से उसके मलबे में दबे पांच मजदूरों की मौत हो गयी है। उप पुलिस अधीक्षक उमाकांत चौधरी ने बताया कि सिमरोल थाना क्षेत्र के चोरल गांव में एक फार्म हाउस का निर्माण कार्य चल रहा था। दो दिन पूर्व ही फार्म हाउस की छत ढॉली गयी थी। कल रात ठेकेदार पवन पंचाल (37) और चार अन्य मजदूर उसी छत के नीचे सो रहे थे तथी रात्रि में अचानक छत गिर गयी, जिससे सभी पांचों लोग छत के मलबे में दब गए। घटना की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
दोपहर तक सभी के शवों को मलबे से निकाल लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया गया। मृतकों की पहचान ठेकेदार पवन पंचाल (37), हरिओम (35), अजय (30), गोपाल प्रजापति (45) और राजा (25) के रूप में हुयी है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हादसे पर शोक संवेदना व्यक्त की और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से देने के निर्देश दिए। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

