#GurugramNews: हार्ट अटैक से विधायक राकेश दौलताबाद की मौत | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
गुरुग्राम। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद का शनिवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आज सुबह लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद 45 वर्षीय विधायक राकेश दौलताबाद को उनके फार्म हाउस में दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार यहां पालम विहार में मणिपाल अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि शाम को उनका दौलताबाद गांव के स्वर्ग आश्रम में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
दौलताबाद ने 2019 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी और बाद में उन्होंने भाजपा सरकार का समर्थन किया था। उन्होंने 2009 और 2014 में भी बादशाहपुर से चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने दौलताबाद के निधन पर शोक व्यक्त किया। अंतिम संस्कार के दौरान हरियाणा सरकार की ओर से डीसीपी (यातायात) वीरेंद्र विज और एसडीएम मानेसर दर्शन यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और पुष्पांजलि अर्पित की। हरियाणा पुलिस के जवानों ने हवाई फायरिंग की और उन्हें अंतिम सलामी दी। विधायक के बड़े बेटे मिलिंद जांघू ने मुखाग्नि दी। दौलताबाद के परिवार में उनके पिता जिले सिंह, माता रोशनी देवी, पत्नी कुमुदनी, बेटे मिलिंद जांघू और देव जांघू हैं।