#PrayagrajNews : धूप के रूप में बरस रही आग, पारा 42 के पार | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। मौसम का मिजाज हर दिन तल्ख होता जा रहा है। उमस और गर्मी से लोग बेहाल हैं। आलम यह है कि प्रयागराज में दिन का पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। जिसकी वजह से लोगों को प्रचंड गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दो दिनों तक मौसम का रूख यूं ही बना रह सकता है। जिसकी वजह से लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिल पाएगी।
शुक्रवार को दिन की शुरूआत ही चटक धूप से हुई। जैसे-जैसे समय बीतता गया, तीखी धूप ने शरीर को झुलसाना शुरू कर दिया। इसी के साथ पारा में भी उछाल आने लगा। सुबह के 11 बजे तक दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप होने की वजह से घर से निकलने पर लोगों को कपड़े से चेहरा और शरीर ढंकना पड़ा। सड़कों पर भी वाहनों की रफ्तार बढ़ गई। लोग ट्रैफिक सिग्नल पर पहुंचकर छांव की तलाश करते दिखे। गुरुवार को 42.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रयागराज सूबे का सबसे गर्म शहर बन गया था।
![]() |
Ad |