वाराणसी: कर्नाटक के पदयात्री ने किया बाबा का दर्शन | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। पदयात्रा करते हुए सात ज्योतिर्लिंगों का दर्शन कर चुके कर्नाटक के पूर्णानंद ने सोमवार को काशी विश्वनाथ का दर्शन पूजन किया। 25 वर्षीय पूर्णानंद ने गत 30 अक्तूबर को भीमशंकर के दर्शन से यात्रा आरंभ की थी। इसके बाद वह त्र्यंबकेश्वर, घृष्णेश्वर का दर्शन करते हुए उज्जैन पहुंचे। वहां महाकाल और ओंकारेश्वर के दर्शन किए।
उज्जैन से पैदल ही अयोध्या पहुंचे। रामलला का दर्शन करने के बाद वह सोमवार को काशी आए। पूर्णानंद ने बताया, छह वर्ष पूर्व उन्होंने स्वप्न देखा था कि वह पैदल धार्मिक यात्रा कर रहे हैं। उस सपने को सच करने के लिए उन्होंने यह यात्रा आरंभ की है। यह यात्रा उन्होंने अपने माता-पिता को समर्पित की है। वह प्रतिदिन 45 किमी चलते हैं। गोदौलिया चौराहे पर एडिशनल सीपी एस. चिन्नप्पा ने पूर्णानंद का स्वागत किया।