वाराणसी: बॉलीवुड के सितारों से सजेगी काशीयात्रा | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। आईआईटी बीएचयू का चर्चित सामाजिक-सांस्कृति उत्सव ‘काशीयात्रा इस बार 19 से 21 जनवरी तक मनाया जाएगा। काशीयात्रा के 41वें संस्करण में 60 से अधिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। देशभर के 350 से ज्यादा आईआईटी और इंजीनियरिंग कॉलेज के 12 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं विभिन्न कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। बुधवार को आईआईटी जिमखाना में स्टूडेंट पार्लियामेंट के वाइस प्रेसीडेंट प्रणव सुरेश, फेस्टिवल कन्वीनर खुश गोयल और फेस्टिवल एडवाइजर पुरंजय खनिजो ने यह जानकारी दी।
स्वतंत्रता भवन में होने वाले काशीयात्रा-24 का उद्घाटन समारोह में प्रख्यात बांसुरी वादक पं. रोनू मजूमदार और शास्त्रीय गायक पं. उदय भावलकर प्रस्तुति देंगे। काशीयात्रा में मशहूर पटकथा लेखक और गीतकार आईआईटी बीएचयू के पुराछात्र वरुण ग्रोवर, वेब सीरीज पंचायत फेम अभिनेता चंदन रॉय शिरकत करेंगे। आयोजन में बॉलीवुड की संगीतकार जोड़ी विशाल-शेखर के आने की भी चर्चा है। आयोजकों ने बताया कि तीन दिन चलने वाले इस समारोह में अभिनय, बंदिश (भारतीय संगीत प्रतियोगिता), क्रॉसविंड्ज़ (रॉक संगीत प्रतियोगिता), एनक्विज्टा (क्विज़ प्रतियोगिता), मिराज (फैशन प्रतियोगिता), नटराज (नृत्य प्रतियोगिता), टूलिका (कला प्रतियोगिता), संवाद (साहित्यिक प्रतियोगिता) का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रोनाइट्स में ईडीएम नाइट्स, फ्यूजन फिएस्टा और बॉलीवुड नाइट्स कार्यक्रम भी शामिल हैं।
सभी आयोजन शताब्दी भवन, स्वतंत्रता भवन, लेक्चरर थियेटर-1, लेक्चरर थियेएट-3, कक्ष संख्या जी-11, राजपुताना ग्राउंड और एडीवी ग्राउंड में आयोजित किए जाएंगे। 21 जनवरी को काशीयात्रा के तीसरे और अंतिम दिन प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों की घोषणा की जाएगी।


