जौनपुर: तीन के खिलाफ अपहरण व पाक्सो का मुकदमा दर्ज | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
किशोरी की मां की तहरीर पर हुई कार्रवाई
खुटहन जौनपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में बहला फुसलाकर एक किशोरी को भगा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी की माता का आरोप है कि वह अपने साथ घर में रखे गहने और चार हजार रूपए भी ले गयी है। नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। उक्त गांव निवासी किशोरी की माता का आरोप है कि उसके घर बनुआडीह गांव निवासी निखिल राव का आना जाना था। वह बीते 2 जनवरी को उसकी नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर कर भगा ले गया। यह भी आरोप है कि उसे भगाकर ले जाने में दरना गांव निवासी रमेश कुमार और शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के ठकठौलिया गांव निवासी अंकुश का भी सहयोग रहा है। आरोप के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ अपहरण व पाक्सो सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।

