जौनपुर: दोहरे हत्याकांड के छह आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
छह बारातियों ने दो सगे भाईयों की कर दी थी निर्मम हत्या
आरोपियों के पैर में लगी गोली, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
खेतासराय जौनपुर। नगर के खुटहन रोड पर दुर्गा मन्दिर के समीप मंगलवार की रात फास्टफूड का कारोबार करने वाले दो सगे भाइयों को बरात में शामिल कुछ अराजक तत्वों ने चाकू घोंप कर निर्मम हत्या कर दी। दोनों भाई खुटहन रोड पर फास्टफूड की दुकान लगाते थे। दोहरे हत्याकांड के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने वारदात के 5 घंटे के भीतर मनेछा में एक मुठभेड़ के बाद घटना के सभी नामजद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों के पैर में गोली भी लगी है। जानकारी अनुसार खेतासराय कस्बा के बभनौटी वार्ड निवासी फूलचंद प्रजापति के दो पुत्र अजय प्रजापति 23 और अंकित प्रजापति 18 नगर के खुटहन रोड पर चाऊमीन की दुकान चलाते थे। मंगलवार की रात तकरीबन 9 बजे वहां से एक बारात गुजर रही थी, जिसमें लोग शराब के नशे में धुत होकर नाचते गाते जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उसी समय कुछ बराती अजय और अंकित की दुकान पर पहुंचे और शराब पीने की तैयारी करने लगे। दोनों भाइयों ने मना किया तो बराती अड़ गए और जबरदस्ती करने लगे। कुछ ही देर में बात बिगड़ गई और उन बरातियों ने चाकू से दोनों भाइयों पर प्राण घातक हमला बोल दिया। शराबी बरातियों ने पहले अजय को चाकू मारा फिर उनको बचाने गए छोटे भाई अंकित को चाकुओं से गोद डाला। दोनों भाई बुरी तरह घायल होकर वहीं अचेत हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और दोनों भाइयों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनो को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। नगर मे आई एक बारात मे पूछताछ करने पर आरोपियों के मनेछा मंे छुपे होने की सूचना मिली और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई। पुलिस उपाधीक्षक शाहगंज शुभम तोदी के अनुसार खेतासराय मे चाउमीन की दूकान पर उलटी करने और सफाई करने के विवाद मे दो सगे भाईयों की हत्या के बाद नामजद 6 आरोपियों के खिलाफ रात मे ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। क्षेत्र के मनेछा गांव स्थित मंदिर के पीछे आरोपियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों मुकेश बिंद, नीशू बिंद और सतीश बिंद निवासी मनेछा के पैर में गोली लगी है तीनों आरोपियों को उपचार के लिए जि़ला अस्पताल ले जाया गया है। अन्य तीन आरोपी विवेक बिंद, जगदीश उर्फ रामसिंह बिंद और अमरजीत बिंद निवासी मनेछा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस और घटना मे प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ है। कार्रवाई में खेतासराय थानाध्यक्ष चंदन राय, उपनिरीक्षक महंगू यादव, शाहगंज प्रभारी निरीक्षक आदेश कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, विनोद कुमार सिंह संदीप सिंह, विवेक यादव शामिल रहे।
![]() |
Ad |
![]() |
Advt. |
![]() |
Advt. |