प्रयागराज: धूमधाम से हुआ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। दशमी पूजन के बाद धूमधाम से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। पूजा पंडालों से गाजे बाजे के साथ देवी प्रतिमाओं को गंगा, यमुना और वरुणा नदी के अलावा नहरों में विसर्जित किया गया। प्रयागराज में ही 75 बारवारी कमेटियों की ओर से 200 प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। इसके अलावा विभिन्न तहसीलों में सैकड़ों देवी प्रतिमाएं स्थापित थीं।
मंगलवार को दशमी पूजन के बाद देवी दुर्गा, सरस्वती और लक्ष्मी को विधि पूर्वक विदाई का रस्म पूरा किया गया। इसके बाद पंडालों से ढोल नगाड़ों के साथ प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक ले जाया गया। रास्ते भर भक्त मां के जयकारे लगाते रहे और नृत्य करते रहे।
रंग गुलाल उड़ाते लोग उल्लास से भरे रहे। विसर्जन स्थल पर पहुंचकर देवी मां से अगले साल फिर आने का आग्रह किया गया। हाथ जोड़कर भक्तों ने कमियों के लिए क्षमा मांगी। इसके बाद सिलसिलेवार प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया। विसर्जन के लिए शहर की मूर्तियां अंदावा में, जबकि देहात इलाके की मूर्तियां स्थानीय नदियों और नहरों में विसर्जित की गईं। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई।