नया सवेरा नेटवर्क
नयी दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। कई इलाकों में तेज तो कहीं हल्की बारिश ने मौसम को कूल बना दिया है। दिल्ली के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। वहीं गाजियाबाद के लोनी में भी बारिश हो रही है। नोएडा के आसमान पर काले बादलों का डेरा है, जिनसे कभी भी बरसात हो सकती है। कुछ जगहों पर आंधी और तेज हवाएं भी चल रही हैं। बारिश ने लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से राहत दिलाने का काम किया है।
- बादलों का रहेगा डेरा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को हल्की बारिश होने की संभावना जताई थी। विभाग के अनुसार, शनिवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आईएमडी की मानें तो आज पूरे दिन आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा।
- शनिवार दोपहर में हुई मूसलाधार बारिश
फरीदाबाद स्मार्ट सिटी में शनिवार दोपहर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। दोपहर में घिरी घटाओं के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। मौसम विभाग की ओर से बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। सुबह जिले का मौसम साफ था। अच्छी धूप खिली थी। दोपहर होते होते तक मौसम में करवट ली और पहले तेज हवाएं चली और उसके बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिले का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 25 सितंबर तक ऐसे ही मौसम का अनुमान है।
- गर्मी और उमस बढ़ेगी
आईएमडी के अनुसरा, दिल्ली में बीते दिनों हुई बारिश की वजह रीट्रीटिंग मानसून माना जा रहा है। सितंबर के आखिर तक बारिश होने की संभावना है। हालांकि भारी बारिश के आसार कम ही हैं। अगले तीन-चार दिन में गर्मी और उमस और बढ़ सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा बने रहने की संभावना है। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम और न्यूनतम तापमान दो-दो डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।
- सूरज ने दिखाए तेवर
सूर्य देवता ने शुक्रवार को अपने तल्ख तेवर दिखाए। दिन में बेशक बादलों की आवाजाही रही लेकिन थोड़ी भी राहत नहीं मिली। कल अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 103 रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है।
![]() |
Advt. |
0 टिप्पणियाँ