प्रयागराज: एनसीआर मुख्यालय में गीत, गजल और कविता का पाठ | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में महाप्रबंधक कार्यालय सहित मंडलों एवं कारखानों के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने समसामयिक एवं सामाजिक सरोकार से संबंधित विषयों पर गीत, गजल और कविताओं की भावपूर्ण एवं प्रभावशाली प्रस्तुति की।
प्रतियोगिता में वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी आदित्य जोशी तथा मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक राजेश कुमार निर्णायक के रूप में थे। ब्रजेश कुमार शर्मा उप मुख्य टिकट निरीक्षक झांसी मंडल को प्रथम स्थान, सुदेश राव वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर झांसी कारखाना को द्वितीय स्थान तथा रामराजा यादव हेल्पर झांसी कारखाना को तृतीय स्थान मिला। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने प्रतियोगिता के बाद प्रतिभागियों के काव्यपाठ हेतु चुने गए विषयों की सराहना की।
संचालन राजभाषा अधिकारी यथार्थ पांडेय, वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी चन्द्र भूषण पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। आदित्य जोशी ने कहा कि कविता में नए प्रयोग एवं युगीन भाषा होनी चाहिए। मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक राजेश कुमार ने कहा कि प्रतियोगियों की काव्य प्रतिभा और अभिरुचि यह दर्शाती है कि रेलवे में बहुत से प्रतिभाशाली कवि और साहित्यकार रेलकर्मी हैं। कंप्यूटर पर हिंदी टाइपिंग प्रतियोगिता में राहुल वर्मा वरिष्ठ लिपिक कार्मिक विभाग को प्रथम स्थान, वीरेन्द्र कुमार वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी लेखा विभाग को द्वितीय तथा नीरज पांडेय कार्यालय अधीक्षक वाणिज्य विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
![]() |
Advt. |