जौनपुर: क्षेत्र बड़ा व पुलिस बल कम होने से बढ़ रहे हैं अपराध | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
अपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने में हो रही मुश्किलें
केराकत थाना क्षेत्र के तीनों पुलिस चौकियों में कम हैं सिपाही
मुफ्तीगंज जौनपुर। जिले के केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के तीनों पुलिस चौकियों थानागद्दी, मुफ्तीगंज और सरकी चौकी की पुलिस इन दिनों सांसत में है। कारण कि उनके पास पुलिस बलों की संख्या कम है और उनका क्षेत्र बड़ा है। नतीजा हत्या, चोरी और लूट समेत अन्य वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाश इस पुलिस के लिए मुसीबत बने हुए हैं। उल्लेखनीय है कि इस थाना क्षेत्र की दो पुलिस चौकी थानागद्दी और सरकी जिले के बार्डर पर स्थित है। थानागद्दी पुलिस चौकी वाराणसी जिले की सीमा जबकि सरकी पुलिस चौकी आजमगढ़ जिले के बार्डर पर स्थित है। दोनों ही चौकी क्षेत्रों में अक्सर अपराधिक घटनाएं देखने सुनने को मिलती हैं। बार्डर पर होने के कारण अपराधी अक्सर घटना को अंजाम देने के बाद आसानी से सीमा पार कर जाते हैं। तीनों ही पुलिस चौकियों की स्थिति यह है कि उनके पास निगरानी के लिए गावों की संख्या अधिक है और पुलिस बल अत्यंत कम हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार थानागद्दी पुलिस चौकी में कुल 24 गांव हैं और वर्तमान में उनके पास 2 सब इंस्पेक्टर और 9 सिपाही सहित कुल केवल 11 पुलिस कर्मी हैं। यही हाल आजमगढ़ जिले के बार्डर पर स्थित सरकी पुलिस चौकी क्षेत्र का भी है। पुलिस चौकी में वर्तमान में कुल 9 पुलिस कर्मियों की तैनाती है। जिनमें से दो सब इंस्पेक्टर और 7 सिपाही हैं। इन 9 पुलिस कर्मियों के जिम्मे क्षेत्र के कुल 15 गावों की निगरानी है। सके अलावा इस थाना क्षेत्र के मुफ्तीगंज पुलिस चौकी क्षेत्र की भी यही स्थिति है। पुलिस चौकी में वर्तमान में 2 सब इंस्पेक्टर सहित कुल 8 पुलिस कर्मी हैं जबकि उनके पास कुल 16 गावों के निगरानी की जिम्मेदारी है। एक सब इंस्पेक्टर ने नाम उजागर नहीं करने का आग्रह करते हुए बताया कि गांव अधिक और पुलिस बल कम होने से ड्यूटी करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि इनमें से अनेक पुलिसकर्मी विभागीय काम में उलझे रहते हैं। इसके अलावा बैंक ड्यूटी आदि में भी व्यस्तता रहती है। ऐसे में अपराधियों पर निगरानी नहीं हो पा रही है। जिसके कारण घटनाओं पर अंकुश लगाने में कठिनाई हो रही है। यदि कहीं कोई घटना हो जाती है तो सांसत बढ़ जाती है। ल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले ही केराकत थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू से हत्या की घटना प्रकाश में आई थी। थाना क्षेत्र के पुलिस चौकियों में पुलिस कर्मियों की संख्या कम होने के बावत कोतवाल जेपी यादव ने बताया कि सिपाहियों की संख्या बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया गया है।

