प्रयागराज: यमुना में नहाते वक्त डूबने से दो किशोरों की मौत | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। पुराने शहर के बलुआघाट पर रविवार को यमुना में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। गोताखोरों ने मशक्कत कर कुछ ही घंटे में दोनों के शव बरामद कर लिए। स्नान करते वक्त दोनों दोस्त गहरे पानी में समा गए। शवों के मिलने के बाद घाट पर परिवारवालों की चीखें गूंजती रहीं और भारी भीड़ जमा हो गई। अतरसुइया थानाक्षेत्र के गोलपार्क निवासी दीपक कुमार का बेटा सुमित (15) और रसूलपुर पुलिस चौकी के पास रहने वाले दशरथ सोनकर का बेटा प्रवीण (17) दोपहर में बलुआघाट पहुंचे। दोनों यमुना में स्नान करने उतर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काफी देर तक स्नान करने के बाद दोनों बीच नदी की तरफ बढ़ गए और गहरे पानी में डूबने लगे। घाट पर भीड़ थी। ऐसे में कुछ लोगों की निगाह उन पर पड़ गई। शोर मचा तो मुट्ठीगंज पुलिस पहुंच गई। तब तक आसपास मौजूद नाविक कूद पड़े थे। पुलिस ने गोताखोर बुला लिए। सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। शाम करीब साढ़े छह बजे गोताखोरों ने दोनों को पानी से निकाल लिया।
परिवार के लोगों का कहना था कि उनकी सांसें पूरी तरह थमी नहीं हैं, ऐसे में पुलिस के साथ परिजन दोनों लड़कों को पास के प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुमित सब्जी बेचता था। दो किशोरों की मौत के बाद पहले घाट फिर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में काफी भीड़ जमा रही। मोहल्ले के युवकों ने बताया कि सुमित और प्रवीण बचपन के दोस्त थे।
![]() |
Advt |
![]() |
Advt. |