वाराणसी: सत्य व्यक्ति को बनाता है महान: बालव्यास | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। प्रख्यात कथावाचक बालव्यास श्रीकांत शर्मा ने कहा कि सत्य और छल के बीच जब भी संघर्ष होगा, जीत हमेशा सत्य की ही होगी। सत्य व्यक्ति को महान बनाता है और उसी सत्य ने राजा हरिश्चन्द्र को सत्यवादी राजा हरिश्चन्द्र बना दिया। संकटमोचन मार्ग स्थित साकेत मंडप में सोमवार को बालव्यास देवी भागवत पुराण कथा के दौरान राजा हरिश्चन्द्र का प्रसंग सुना रहे थे। त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार व श्रीकाशी सत्संग सेवा समिति की तरफ से आयोजित कथा के सातवें दिन उन्होंने कहा कि सत्य के लिए राजा हरिश्चन्द्र को इसी काशी में अपने परिवार और स्वयं को बेचने पर विवश होना पड़ा। अंत में मां भगवती की कृपा से उनका राजपाठ ससम्मान वापस मिला। बालव्यास ने कहा कि काशी में सिर्फ बाबा विश्वनाथ का राज चलता है। 51 शक्तिपीठों में से एक मां विशालाक्षी यहां विराजमान हैं। मां अन्नपूर्णा भी यहां साक्षात विराजती हैं। सभी को नवरात्रि में देवी भागवत का पाठ करना चाहिए। इससे मां की कृपा बरसने लगेगी। कथा के समापन पर यजमान राधेगोविंद केजरीवाल, उषा तुलस्यान, बजरंग केजरीवाल, भरत सराफ, सुरेश तुलस्यान, अवधेश खेमका आदि ने व्यासपीठ की आरती की।