44 दिन बाद खुले स्कूल, तिलक लगाकर बच्चों का स्वागत | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। 44 दिन की छुट्टी के बाद कक्षा आठ तक के स्कूल सोमवार को खुल गए। तकरीबन डेढ़ महीने तक स्कूल से दूर बच्चे दोस्तों के बीच पहुंचे तो खिलखिला उठे। रानी रेवती देवी इंटर कॉलेज राजापुर के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने छात्र-छात्राओं का स्वागत तिलक, आरती एवं पुष्प वर्षा के साथ किया। इसके बाद वेदव्यास एवं मां सरस्वती के चित्र पर पूजन-अर्चन के साथ गुरु पूर्णिमा का उत्सव मनाया गया। पहले दिन 2700 में से 2200 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्राओं यशी तिवारी, स्वाति सिंह, दिव्या अग्रहरी, किंजल, सिमरन, स्वेच्छा, प्रगति गुप्ता एवं प्राची गुप्ता ने संगीत शिक्षक मनोज गुप्ता के निर्देशन में गुरु महिमा पर आधारित भजन 'गुरुदेव मेरे दाता मुझको ऐसा वर दो' तथा 'सागर से भी गहरा बंदे गुरुदेव का प्यार है' प्रस्तुत किया। ज्वाला देवी इंटर कॉलेज सिविल लाइंस में ग्रीष्मावकाश के बाद छात्र-छात्राओं के आगमन पर प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया। मुख्य वक्ता गणेश द्विवेदी ने गुरु की महिमा का बखान किया।
ज्वाला देवी इंटर कॉलेज रसूलाबाद में ग्रीष्मावकाश के बाद छात्र-छात्राओं के आगमन पर पुष्पवर्षा की गई और पांच बार हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र ने कहा कि महर्षि व्यास ने वेद का चार भागों में विभाजन कर दिया ताकि कलियुग में कम स्मरणशक्ति रखने वाले भी वेदों का अध्ययन कर सकें। इसीलिए वह वेदव्यास के नाम से विख्यात हुए।