वाराणसी: खाद्यान्न घोटाले में पूर्व कोटेदार गिरफ्तार | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। बलिया में साल 2002 से 2005 के बीच 60 लाख के खाद्यान्न घोटाले में ईओडब्ल्यू वाराणसी तत्कालीन कोटेदार रियाज अहमद को सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे वाराणसी में भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। रियाज सिकंदरपुर के चड़वा-बरवा गांव का रहने वाला है।
बलिया में सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना में घोटाला हुआ था। योजना के तहत गावों में मिट्टी, नाली निर्माण, खड़ंजा निर्माण, पटरी मरम्मत, सम्पर्क मार्ग व पुलिया निर्माण हुआ। इसमें श्रमिकों को काम के बदले खाद्यान्न और नकद पैसा दिया जाना था।
तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी व कोटेदारों से मिलीभगत की। पत्रावलियों पर पेमेण्ट आर्डर, मस्टररोल और खाद्यान्न वितरण रजिस्टर में कूटरचना कर सरकारी धन और अनाज का गबन किया। साल 2006 में बलिया के सिकंदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद जांच ईओडब्ल्यू वाराणसी को सौंपी गई। इस मामले में अब तक कई पूर्व अधिकारी, कर्मचारी, सचिव आदि गिरफ्तार हो चुके हैं।


