जौनपुर: टोल प्लाज़ा कर्मियों पर ट्रक चालक से मारपीट का आरोप | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
सिरकोनी जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज टोलप्लाज़ा पर शुक्रवार की रात को टोलप्लाज़ा कर्मियों तथा एक ट्रक चालक से जमकर मारपीट हो गयी। मारपीट में चालक को चोटें आयीं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गयी है। उक्त टोलप्लाज़ा पर रात को लगभग आठ बजे ट्रक चालक अखिलेश दुबे निवासी प्रतापपुर कमैचा थाना चांदा सुल्तानपुर ट्रक लेकर पहुंचा। अखिलेश दुबे ने आरोप लगाया है कि जब वह टोलप्लाज़ा पर पहुंचा तब पता चला कि ट्रक में लगा फ़ास्ट टैग खत्म हो गया है। नियमत: फास्टटैग नही होने पर टैक्स दुगुना लगता है लेकिन टोलप्लाज़ा कर्मी उससे चार गुना पैसा मांगने लगे। जब वह विरोध किया तो उसको मारा पीटा गया। साथ ही पैसा भी छीन लिया गया। उधर टोलप्लाज़ा मैनेजर सन्तोष कुमार सिंह ने बताया कि उक्त ट्रक चालक शराब के नशे में था। वह टोल टैक्स देने के बजाय झगड़ा करने लगा। उसके चलते एक लाइन आधे घण्टे तक खड़ी रही। टोलप्लाज़ा पर हल्ला होने लगा। टोलप्लाज़ा कर्मचारियों ने जब उसे हटाने का प्रयास किया तब वह मारपीट करने लगा। शराब के नशे में वह गिर पड़ा। वहीं थानाध्यक्ष जलालपुर राम सरीख गौतम ने कहा कि अभी तक मुझे कोई तहरीर नही मिली है। वैसे मामला झगड़े का है अगर तहरीर मिलती है तो जांच करके कार्यवाही की जाएगी।