जौनपुर: चिकित्सक की लापरवाही से गई जच्चा बच्चा की जान | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा,पुलिस जांच में जुटी
मुंगराबादशाहपुर जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित नगर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए महिला का ऑपरेशन किया गया। उसके कुछ ही देर के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और परिवार के लोग लेकर प्रयागराज भागे, लेकिन तब तक जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। वापस लौटे परिजनों ने मुंगराबादशाहपुर थाने के सामने खूब हंगामा किया। अस्पताल संचालक और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने समझाया तब मामला शांत हुआ। परिजनों ने थाने में अस्पताल संचालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बता दें शनिवार की सुबह जंघई रोड स्थित एक प्राईवेट अस्पताल में प्रसूता पूजा सिंह (25) पत्नी वीरेंद्र प्रताप सिंह निवासी नारायणपुर खुर्द खोजेमऊ फतनपुर प्रतापगढ़ को भर्ती कराया गया। जहां शाम को 6 बजे आपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि आपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की हालत बिगड़ गई। डाक्टर द्वारा पीडि़ता को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। परिजन एम्बुलेंस से प्रयागराज लेकर पहुंचे जब तक पूजा को अस्पताल मे भर्ती कराया जाता तब तक मौत हो चुकी थी। परिजन भारी संख्या में थाने पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिये। थानाध्यक्ष ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। पूजा सिंह के ससुर बृज कुमार सिंह ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया। थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी का कहना है कि तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कोई स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
![]() |
Advt |