वाराणसी: भोजपुरी गायक समर के खिलाफ लुक आउट नोटिस | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के आत्महत्या प्रकरण में आरोपित भोजपुरी गायक समर सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है। आरोपित के बारे में जानकारी, केस और पासपोर्ट का विवरण देश के सभी एयरपोर्टों पर भेजा दिया गया है ताकि वह देश छोड़कर भाग न सके। यह जानकारी एसीपी सारनाथ ज्ञानप्रकाश राय ने दी।
सारनाथ स्थित एक होटल में बीते 26 मार्च को आकांक्षा दुबे का शव फंदे से लटकता मिला था। भदोही की मूल निवासी आकांक्षा की मां मधु दुबे की तहरीर पर सारनाथ थाने में मेंहनगर (आजमगढ़) निवासी भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके भाई संजय पर केस दर्ज हुआ है। अभिनेत्री की मां ने दोनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। यह भी आरोप है कि आकांक्षा को दोनों तीन साल से प्रताड़ित करते थे। एसीपी ने बताया कि केवल समर उर्फ समरजीत सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी हुई है। तलाश उसके भाई संजय सिंह की भी हो रही है।