नया सवेरा नेटवर्क
मुफ्तीगंज जौनपुर। विवादित जमीन पर लकड़ी रखने को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक अधेड़ व्यक्ति की पिटाई कर दी। घायल के पक्ष से एक अन्य महिला ने छेड़खानी का विरोध करने पर पिटाई किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के हनुआडीह गांव का है। गांव की रीना देवी और राकेश शर्मा के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को रीना देवी की 18 वर्षीया बेटी सोनी विवादित जमीन पर लकड़ी रख रही थी। राकेश शर्मा ने मना किया जिसपर झगड़ा होने लगा। इसी दौरान रीना देवी के घर रह रहे गजना गांव के मोहन यादव पहुंच गए और वे भी झगड़ा में किशोरी की ओर से कूद पड़े। राकेश शर्मा को बुरा लगा जिसपर उन्होंने मोहन यादव की पिटाई कर दी। मोहन यादव के सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। रीना देवी ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए राकेश शर्मा, अखिलेश शर्मा, मुकेश शर्मा और बृजेश शर्मा के खिलाफ़ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष देवानंद रजक ने बताया कि चारो आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 308 सहित 323, 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
 |
Advt
|
 |
Advt
|
 |
विज्ञापन
|