लखनऊ में 11 अप्रैल से होंगे नगर निकाय चुनावों के नामांकन | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
लखनऊ। नगर निगम और नगर पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राजधानी में मेयर, पार्षद, नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासद के लिए 11 से 17 अप्रैल तक नामांकन होगा। नामांकन पत्रों की जांच 18 और नाम वापसी 20 अप्रैल को होगी। 21 अप्रैल को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह् आवंटित होगा। चार मई को मतदान और 13 मई को मतगणना होगी।
जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। सघन अभियान चलाकर प्रचार सामग्री होर्डिंग, बैनर, पोस्टर इत्यादि तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया है।
126 केन्द्र अति संवेदनशील, 41 अति संवेदशील प्लस चिन्हित
ज़िला निर्वाचन अधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि निर्वाचन के लिए 776 मतदान केंद्रों, 2729 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। 776 केंद्रों में 122 को संवेदनशील, 126 केंद्रों को अति संवेदनशील, 41 केंद्रों को अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। जनपद के सेक्टर और जोन का निर्धारण हो चुका है। जनपद को 35 जोन और 130 सेक्टर में बांटा गया है। निर्वाचन के लिए रूट चार्ट भी बन चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लंघन करने वालों पर लोक प्रतिनिधित्व एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
200 मीटर दायरे में होगी बेरीकेडिंग
डीएम ने नगरीय निकाय चुनाव निष्पक्षता से संपन्न कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए प्रभारी, सहायक प्रभारी अफसरों को दायित्वों का ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता से समयबद्ध पूरा करने को कहा है। अन्य निर्वाचन सामग्री, स्टेशनरी की तैयारियों के प्रगति और टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी देने के भी निर्देश दिए। नामांकन स्थल का फिर निरीक्षण को कहा है। मौके पर कोई भी कमी मिले तो उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी अधिकारी, पुलिस अधिकारी के साथ नामांकन स्थलों का निरीक्षण करने को कहा है। सुनिश्चित कराने को कहा है कि नामांकन के दौरान 200 मीटर परिधि में बैरिकेडिंग हो जाए। डीएम ने कहाकि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

