देश के साथ-साथ काशी भी बदली : योगी | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ का रविवार को काशी में 108वां दौरा था। उन्होंने भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों की विस्तार से चर्चा की। बोले, पिछले आठ वर्षों में लोगों ने काशी को बदलते व दुनिया में छाप छोड़ते हुए देखा है। देश के साथ-साथ काशी भी बदल रही है। एक नई और बदलती हुई काशी को महसूस किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जी-20 देशों का सम्मेलन काशी में होना यहां के लोगों के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, उद्योग सहित हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। वाराणसी व आसपास के साथ पूरे प्रदेश में फोर व सिक्स लेन की सड़कों से कनेक्टिविटी जोड़ी गई है। पहले लोगों को संकुचित गलियों से होकर काशी विश्वनाथ मंदिर जाना पड़ता था। अब विश्वनाथ धाम ने भव्य आकार ले लिया है। पहले काशी में एक वर्ष में एक करोड़ सैलानी और श्रद्धालु आते थे, अब एक माह में एक करोड़ से अधिक लोग आ रहे हैं। काशी स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नये रूप में उभरी है। मुख्यमंत्री ने जल परिवहन, स्वदेश दर्शन योजना सहित पर्यटन की अन्य योजनाओं की भी चर्चा की।
2016 तक सड़कों पर सीवर बहता था
सीएम ने कहा, वर्ष 2015-16 तक बनारस की सड़कों पर सीवर बहता था। जगह-जगह कूड़े के ढेर पड़े रहते थे। घाट जर्जर थे। उनकी कभी सफाई नहीं होती थी। अब सभी के सामने वर्तमान की तस्वीर है। जल जीवन मिशन के तहत सभी को शुद्ध पेयजल मुहैया कराया जा रहा है।
कमांड सेंटरों से सुरक्षा की भी परवाह
सीएम ने जोर देते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में सुरक्षा का बेहतरीन वातावरण बना है। शहरों में इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर का यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुगम बनाने के साथ सुरक्षा के लिए भी उपयोग किया जा रहा है। कोई भी अपराध करेगा तो शहर में लगे कैमरों में कैद हो जाएगा। उसे सबक भी सिखाया जाएगा।
आवास की चाबी दी, छात्रों को बांटे लैपटॉप
मुख्यमंत्री ने सीएम और पीएम आवास योजना के तहत चार लोगों को उनके घर की चाबी सौंपी। मुख्यमंत्री बाल सेवा व स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत सुहानी श्रीवास्तव, सुशांत पाठक, गुनगुन कुमारी, सत्यम यादव को लैपटॉप व टैबेलेट, एमएसएमई की तरफ से ओम विला एक्सपोर्ट व होटल टूरिज्म को 27 करोड़ का चेक, कुमार उद्योग को 32 करोड़ का चेक दिया। ग्रामीण खेल प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत स्पोर्ट्स किट, गंगा दूत और नशा मुक्ति उन्मूलन कार्यक्रम में प्रमाण पत्र दिए। सीएम ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की तीसरी किस्त के रूप में 50 हजार का चेक लाभार्थियों को दिया। ये लाभार्थी पीएम जीवन ज्योति बीमा, पीएम सुरक्षा बीमा, वन नेशन वन कार्ड के लिए भी पात्र हैं।
इनकी रही मौजूदगी
श्रम व सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प व न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, आयुष व खाद्य सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर मृदुला जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, टी. राम और सुनील पटेल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय के अलावा कमिश्नर कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, संतोष दास सतुआ बाबा, अशोक पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, राकेश शर्मा, अशोक तिवारी, प्रदीप अग्रहरि, राजेश राजभर, नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, अशोक पटेल, संजय सोनकर, अभिषेक मिश्रा, आलोक श्रीवास्तव, प्रभात सिंह, रजत जायसवाल, नम्रता चौरसिया, साधना वेदांती, गीता शास्त्री, रचना अग्रवाल, अशोक कुमार, अशोक यादव, शैलेन्द्र मिश्रा, राजेश शुक्ला, जेपी सिंह आदि मौजूद थे।