ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले का 82 साल की उम्र में निधन | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
साओ पाओलो। दुनिया के महान फुटबॉल प्लेयर्स में शुमार पेले का निधन हो गया है। वो 82 साल के थे। पेले ने शुक्रवार, 30 दिसंबर को साओ पाओलो के आइंस्टीन अस्पताल में अंतिम सांस ली। जहां उनका इलाज चल रहा था। पेले की बेटी केली नैसिमेंटो ने इंस्टाग्राम के जरिए उनके निधन की जानकारी दी। साल 2021 के सितम्बर महीने में पेले के आंत की सर्जरी हुई थी और एक ट्यूमर निकाला गया था। एक रूटीन टेस्ट के दौरान इस ट्यूमर के बारे में पता चला था। जिसके बाद उन्हें इसी साल नवंबर में फिर से अस्पताल में भर्ती किया गया था।
वहीं हॉस्पिटल की तरफ से भी पेले के निधन के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि कोलोन कैंसर का संक्रमण बढ़ने के चलते उनका निधन हुआ। उनके निधन पर लियोनल मेसी समेत दुनियाभर के फुटबॉल प्लेयर ने दुख जाहिर किया। मेसी ने पेले के साथ फेसबुक पर अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा..
पेले का करियर
पेले 17 साल की उम्र में फुटबॉल के स्टार बन गए थे। 21 साल लंबे फुटबॉल करियर के दौरान उनके नाम 1,281 गोल करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। पेले ने 1363 मुकाबले में हिस्सा लिया। उन्होंने ब्राजील की तरफ से 77 गोल किए। इसके साथ ही वो एकमात्र फ़ुटबॉल खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन बार वर्ल्ड कप जीता। पेले साल 1958, 1962 और 1970 में वर्ल्ड कप जीतने वाली ब्राज़ील टीम का हिस्सा रहे। साल 2000 में उन्हें फ़ीफ़ा का प्लेयर ऑफ द सेंचुरी भी चुना गया। पेले के फुटबॉल करियर की बात करें तो 15 साल की उम्र में सैंटोस क्लब के साथ शुरू किया था। इसके बाद वो अगल 19 सालों तक इसी क्लब से जुड़े रहे और कुल मिलाकर 643 गोल किए।