नया सवेरा नेटवर्क
इंदौर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आज दावा किया कि उन्हें सूचना मिली है कि इंदौर के एक उद्योगपति केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुत्र जय शाह से मिले, जिन्हें ये बताया गया कि राज्य में कुछ जोड़तोड़ की जा सकती है। श्री सिंह ने राज्य में दलबदल की संभावनाओं और 'ऑपरेशन लोटस' जैसे किसी अभियान से जुड़े सवाल के जवाब में बिना किसी का नाम लिए कहा कि उनके पास पैसे की कमी नहीं है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि उन्हें (श्री सिंह को) सूचना मिली है कि इंदौर के एक उद्योगपति जय शाह से मिले थे और उन्हें (उद्योगपति को) ये बताया गया कि कुछ जोड़-तोड़ की जा सकती है।
मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के पहले प्रदेश में दलबदल की आशंकाओं से जुड़ी खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में कल राज्य के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने भी दावा किया था कि कांग्रेस के कई सदस्य भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं।
इसके बाद कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने भी दावा किया कि भाजपा के कई मौजूदा विधायक उनके संपर्क में हैं, लेकिन कांग्रेस अपने संगठन को ही प्राथमिकता देगी। इसके बाद आज श्री सिंह का ये बयान सामने आया है। इसके साथ ही श्री सिंह ने कहा कि जो बिकाऊ थे, वे बिक गए, जो टिकाऊ हैं, वे टिके हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस प्रदेश को बहुत लूटा है और लूट का माल ऐसे जोड़तोड़ में ही खर्च होगा।
0 टिप्पणियाँ