राकांपा को जोर का झटका, भाजपा शामिल हुए एसएम खान | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
मुंबई। महाआघाडी सरकार के पतन के साथ ही महाराष्ट्र की राजनीति का घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है। भाजपा युवामोर्चा के मुंबई सचिव नितिन गुप्ता के सतत प्रयासों से राकांपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे सुप्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी एस एम खान ने अपने करीब 5 हजार समर्थकों के साथ सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया। औरंगाबाद में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महाराष्ट्र प्रभारी संजय केणेकर ने हाजी मोहम्मद एजाज देशमुख के नेतृत्व में एस एम खान और उनके हजारों समर्थकों को भाजपा में प्रवेश दिलाते हुए सभी का पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम में एस एम खान को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष का नियुक्ति पत्र देकर उनसे भाजपा में अल्पसंख्यक समाज को अधिकाधिक प्रवेश दिलाने की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर भाजपा युवामोर्चा के मुंबई सचिव नितिन गुप्ता ने एस एम खान तथा उनकी समूची टीम का सत्कार करते हुए कहा कि इनके भाजपा में शामिल होने से न सिर्फ महाराष्ट्र, अपितु मुंबई के वर्सोवा विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा को बड़ी मजबूती मिलेगी, और आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनाव में उक्त मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र से सभी नगरसेवक-नगरसेविका भाजपा के टिकट पर चुनकर मनपा सदन में पहुंचेंगे।
एस एम खान ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले दिनों आरएसएस के सर-संघचालक मोहन भागवत ने भाजपा से मुस्लिम समाज को जोड़ने की अपील की थी, जिसकी मुस्लिम समुदाय की ओर से सराहना करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई में शिंदे-फडणवीस सरकार सर्व समुदाय और प्रदेश की बेहतरी के लिए अच्छा काम कर रही है। जिससे प्रभावित होकर उन्होंने अपने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल होकर देश के चहुंमुखी विकास के लिए अपना छोटा सा योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई है। एस एम खान ने सभी वरिष्ठ नेताओं, खासकर युवा नेता नितिन गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया है।
![]() |
Ad |
Ad |
![]() |
Ad |