बरेली में सावन के तीसरे सोमवार पर 7 नाथ मंदिरों में हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा
कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर बरसे फूल, डीआईजी, मंडलायुक्त, डीएम व एसएसपी ने किया हवाई निरीक्षण
मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष की गूंज
निर्भय सक्सेना @ नया सवेरा
बरेली । सावन के तीसरे सोमवार पर प्रशासन द्वारा नाथ नगरी बरेली के सातों नाथ मंदिरों व वहां जलाभिषेक करने पहुंचने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गयी। मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष की गूंज रही। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कांवड़ियों के लिए की गयी व्यवस्थाओं का भी हवाई सर्वेक्षण किया गया और देखा गया कि कहीं कांवड मार्गों व शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है।
हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा को लेकर आज सुबह 10 बजे से ही पुलिस लाइन में तैयारियां शुरू हो गयी थी और लगभग 12.30 बजे तक पुष्प वर्षा का कार्यक्रम क्रमवार नाथ मंदिरों पर चलता रहा। सबसे पहले पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र बरेली अजय कुमार सहानी, मण्डलायुक्त शम्भू कुमार द्वारा हेलीकॉप्टर से उड़ान भर जनपद के नाथ मंदिरों में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गयी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा हेलीकॉप्टर से उड़ान भर जनपद के नाथ मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था जायजा लेते हुए मंदिर परिसर में उपस्थित कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन व स्वागत किया गया।
इसके बाद अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक द्वारा पुष्प वर्षा की गयी। तदोपरांत अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर इशिता किशोर, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा द्वारा पुष्प वर्षा की गयी। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, सहायक पुलिस अधीक्षक/पुलिस क्षेत्राधिकारी तृतीय शिवम आशुतोष तथा तहसीलदार सदर एवं नायब तहसीलदार सदर द्वारा भी बरेली के कांवड़ मार्गों, नाथ मंदिरों का निरीक्षण करते हुए कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गयी।
हेलीकॉप्टर से बरेली जनपद के नाथ मंदिरों, कांवड मार्गों पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा हेतु हेलीकॉप्टर द्वारा सात बार उड़ान भरी गयी। पुष्पवर्षा के बाद कांवड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। फूलों से सजे मार्ग पर शिवभक्त बम-बम भोले के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। किसी के हाथ में तिरंगा था तो कोई भगवा ध्वज लहराते हुए आगे बढ़ रहा था। आसमान से बरसते फूल और सड़क पर गूंजता ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष कांवड़ यात्रा के इस पड़ाव को खास बना रहा था। कांवड़ियों ने कहा कि प्रशासन के सम्मान ने उनमें नई ऊर्जा भर दी है और अब वे और उत्साह के साथ बाबा भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित करने के लिए बढ़ रहे हैं।
जैसे ही हेलिकॉप्टर से फूलों की वर्षा शुरू हुई, सड़क पर चल रहे कांवड़ियों ने ‘हर-हर बम-बम’ का उद्घोष करते हुए अपने हाथ उठाकर आभार प्रकट किया। पूरा वातावरण शिवमय हो गया। इस दौरान कांवड़ियों के चेहरों पर थकान की जगह उत्साह और गर्व नजर आया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने श्रावण माह के तीसरे सोमवार की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस माह में भक्तगण हरिद्वार, कछला एवं अन्य पवित्र स्थानों से गंगा का पवित्र जल लाकर बरेली स्थित नाथ मंदिरों में भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के स्वागत करने के उद्देश्य से जहां लगातार सड़क मार्ग से उनकी सेवा की जा रही थी वहीं श्रावण के तीसरे सोमवार को वायु मार्ग के माध्यम पुष्प वर्षा करके श्रद्धा सुमन अर्पित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों, श्रद्धालुओं, नाथ मंदिरों, कांवड़ शिविर तथा भमौरा रोड पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जा रही है बरेली में हरिद्वार, उत्तराखण्ड, कछला व आस- पास के जनपदों से श्रद्धालु पवित्र नदी का जल लेकर प्रमुख नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं और पिछले तीन दिन में 12 से 15 लाख श्रद्धालु जनपद में आ चुके हैं। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को कहीं कोई समस्या या पेरशानी ना हो तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कही कोई दिक्कत तो नहीं है उक्त के दृष्टिगत आज हवाई सर्वेक्षण किया गया है। आज मंदिरों पर जल चढ़ाने वाला की सुबह से ही लाइन लगी रही। बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा लगाए गई कावरिया कैंप में शिवभक्तों की भीड़ रही। उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने भी कांवड़ियों को फल आदि वितरण का सेवा कार्य किया। बीजेपी के बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भंडारा को निस्वार्थ सेवा का पावन प्रतीक कहा। संजीव अग्रवाल ने कई धार्मिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। कैंट विधायक श्री संजीव अग्रवाल ने सेटेलाइट बस स्टैंड के पास आयोजित चिकित्सा शिविर में सहभागिता की। इससे पहले परम पूज्य भामाशाह जी के चित्र पर पुष्पांजलि देते हुए कहा कि देवाधी देव महादेव की अनुकंपा से धार्मिक एवं सामाजिक कार्य की पहल होती है। भंडारे का प्रसाद केवल भोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, निस्वार्थ सेवा और सामुदायिक एकजुटता का एक पावन प्रतीक है। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया। इसी क्रम में शाहजहांपुर रोड स्थित श्री संत सेवा आश्रम रजऊ परसपुर ब्रह्मदेव स्थान पुल पर एवं गांधी उद्यान में भंडारे में सम्मिलित होकर भक्तों में प्रसाद वितरण किया।
यह भी पढ़ें | Bareilly News: तीज महोत्सव में रेनू मिश्रा बनी तीज क्वीन, मेहंदी में वंदना प्रथम
![]() |
| Ad |
![]() |
| Ad |

.jpeg)
.jpeg)