BREAKING

Jaunpur News: बरसात में जलभराव और गंदगी पर तत्काल कार्रवाई करें अधिकारी : ए.के. शर्मा

नगरों में कहीं भी कूड़े का ढेर न दिखे, जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन तथा ऊर्जा विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और जनसुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव, साफ-सफाई, संक्रामक रोगों की रोकथाम और पेयजल व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।


प्रभारी मंत्री ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। जहां जलभराव की समस्या है, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराते हुए स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलजमाव के कारण मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर नियमित रूप से एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए।


सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ए.के. शर्मा ने कहा कि नगरों में साफ-सफाई जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। नियमित कूड़ा उठान और उसके निस्तारण के साथ सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश भी दिए।


कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने खाद और उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने और किसी प्रकार की समस्या न होने देने के निर्देश दिए।


विद्युत विभाग की समीक्षा में ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, विद्युत आपूर्ति और समय सीमा के भीतर खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें | Jaunpur News: तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में छात्राओं ने बनाई रंग-बिरंगी राखियां

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने को कहा। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाओं के साथ अतिरिक्त बेड, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।


प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने शासन की विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।


जनपद में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।


इस अवसर पर विधायक बदलापुर रमेश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, पुष्पराज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

OPD Start : अशोक हॉस्पिटल महरुपुर वाराणसी-जौनपुर रोड जफराबाद जौनपुर | Emergency Contact : 7565955001, 7575955002
विज्ञापन



नया सबेरा का चैनल JOIN करें