BREAKING

Jaunpur News: रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी, कैशलेस चिकित्सा कार्ड से मिली स्वास्थ्य सुरक्षा

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में किया गया। इस दौरान लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जनपद में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और रसोइयों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों का स्वागत पौध एवं पुस्तक भेंट कर किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ बच्चे, खिलता बचपन—सही पोषण से प्रदेश रोशन’ रही।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि पीएम पोषण योजना में कार्यरत रसोइया विद्यालयी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे बच्चों को परिवार के सदस्यों की तरह स्नेह के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराती हैं। बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक विकास में पौष्टिक आहार की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि रसोइयों के स्वास्थ्य और कल्याण की चिंता करना सरकार की जिम्मेदारी है। कैशलेस चिकित्सा कार्ड मिलने से रसोइयों और उनके परिवारों को इलाज के दौरान आर्थिक परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने रसोइयों से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद पत्र भेजने की अपील की।

राज्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की है। पहले दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब तीन हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसी तरह वर्ष में एक बार साड़ी अथवा पोशाक के लिए मिलने वाली राशि को भी 500 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये किया गया है। उन्होंने बताया कि जौनपुर में पीएम पोषण योजना के तहत कुल 8,325 रसोइया कार्यरत हैं। कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 15 रसोइयों को बढ़े हुए तीन हजार रुपये मानदेय की राशि का चेक तथा कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किया गया। नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार रसोइयों के हित में संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। रसोइयों को पांच लाख रुपये की सुरक्षा गारंटी और दो लाख रुपये के बीमा कवर जैसी सुविधाओं से भी जोड़ा गया है।

यह भी पढ़ें | Jaunpur News: संभव अभियान की धीमी प्रगति पर बक्शा के बाल विकास परियोजना अधिकारी को नोटिस

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को सेवा भाव के साथ धरातल पर पहुंचा रही है। उन्होंने रसोइयों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने कहा कि जनपद में शेष बचे सभी रसोइयों का एक माह के भीतर पंजीकरण पूरा कर कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के भोजन में पोषण की गुणवत्ता बढ़ने से उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में तेजी आएगी और यही बच्चे आगे चलकर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में संगीता सरोज, कुसुम, छोटेलाल यादव, शैलेन्द्र कुमार मौर्या, शान्ती, गुन्जा, पूनम, सुमित्रा, मलावती, मीरा, जयप्रकाश खरवार, कपिलदेव, जयमूर्ति, माधुरी एवं अनीता देवी समेत 15 रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए। इस अवसर पर रसोइयों ने चिकित्सा सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने राज्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, जिला समन्वयक डीसी अरुण कुमार मौर्य, कर्मचारियों एवं सभी रसोइयों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Happy Independence Day : Umanath Singh Hr. Sec. School Shankarganj, Maharupur, Jaunpur
Ad


जौनपुर के प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह की तरफ से जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन और नागपंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं
Ad



नया सबेरा का चैनल JOIN करें