Bareilly News: ब्रह्माकुमारीज के अभियान में 110 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
निर्भय सक्सेना @ नया सवेरा
बरेली। राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज के समाज सेवा प्रभाग द्वारा “विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान” के अंतर्गत रक्तदान शिविर में 110 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जीवन बचाने की इस सेवा में सहभागिता की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने ब्रह्माकुमारी संस्था के रक्तदान शिविर में कहा कि रक्तदान मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है और ऐसे आयोजन समाज में सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
बरेली के महापौर उमेश गौतम ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ- साथ ऐसे आयोजनों के माध्यम से अब जीवन बचाने का कार्य भी कर रही है, जो सराहनीय है।
बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के प्रयास लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आई एम ए अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि रक्तदान का अर्थ किसी जरूरतमंद का जीवन बचाना है। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपने रिश्तेदार या परिचित मरीज के लिए भी रक्तदान करने से पीछे हटते हैं, जबकि यहां लोग स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का पुनीत कार्य कर रहे हैं।
संस्था की क्षेत्रीय संचालिका ब्रह्माकुमारी पार्वती दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्था के समाज सेवा प्रभाग द्वारा इस महान सेवा भावना को जन- जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सम्पूर्ण भारत एवं नेपाल में “विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान” किए जा रहे हैं।
ब्रह्माकुमारी नीता दीदी ने कहा कि रक्तदान करने के बाद रक्तदाता के चेहरे पर जो संतोष दिखाई देता है, वह किसी भी पुरस्कार से प्राप्त नहीं किया जा सकता। ब्रह्माकुमारी पारुल दीदी ने कहा कि रक्तदान सबसे पवित्र, सुरक्षित और मूल्यवान सेवाओं में से एक है।
शिविर एवं प्रबंधन में संस्था के अनेक भाई- बहनों ने विशेष सहयोग किया। इनमें रजनी दीदी, नेहा बहन, आयुष भाई, अनुराग भाई, सहित अन्य सहयोगी शामिल रहे। रक्तदाताओं को मोमेंटो एवं प्रमाण- पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें | Bareilly News: वाहन चालक कांवडियों को चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने दिए हेलमेट



.jpeg)