Jaunpur News: कमासुत बेटे की मौत से टूटा पहाड, गांव में पसरा मातम
नया सवेरा नेटवर्क
खुटहन, जौनपुर। बीरी समसुद्दीनपुर गांव निवासी मर्चेंट नेवी कर्मी प्रवीण कुमार उपाध्याय उर्फ प्रिंस की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार को जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर किसी की जुबान पर यही चर्चा रही कि परिवार का सहारा अचानक छिन गया।
बताते हैं कि 33 वर्षीय प्रवीण अपने मित्र अवनीश पाण्डेय के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। फैजाबाद जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा भिड़ी थी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान प्रवीण ने दम तोड़ दिया, जबकि उनका साथी अब भी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
प्रवीण घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। पिता कमला प्रसाद उपाध्याय, माता सरिता देवी, पत्नी आकांक्षा उपाध्याय तथा दो मासूम पुत्रों नैतिक और कार्तिक का रो-रोकर बुरा हाल है। वृद्ध दादा सूर्य नारायण उपाध्याय बार-बार बेसुध हो जा रहे हैं। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: जगमग की रचनाएं सीधे-सीधे जनसामान्य की बात करती हैं: डॉ यदुवंशी
| Advt |
| विज्ञापन |