Jaunpur News: विद्यालय के सामने कूड़े का ढेर, चर्चा के बाद हरकत में आया प्रशासन
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के भन्नौर बाजार स्थित कम्पोजिट विद्यालय और श्रीमती जानकारी रामपाल डिग्री कॉलेज के सामने सड़क किनारे लगा कूड़े का ढेर सोमवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बन गया। दोनों शिक्षण संस्थानों के मुख्य द्वार तक फैली गंदगी को लेकर लोगों ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए। मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और सफाई अभियान शुरू कराया गया। बंधवा-जमालापुर मार्ग के किनारे स्थित कम्पोजिट विद्यालय के मुख्य गेट के सामने लंबे समय से कूड़ा फेंका जा रहा था। सड़क किनारे फैली गंदगी और दुर्गंध के बीच रोज छात्र-छात्राएं, शिक्षक और राहगीर गुजरने को मजबूर थे। विडंबना यह रही कि विद्यालय की दीवारों पर स्वच्छता संबंधी स्लोगन और महात्मा गांधी के चित्र बने हैं, लेकिन ठीक नीचे कूड़े का अंबार लगा रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन ब्लॉक, पंचायत और शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व जनप्रतिनिधियों का आना-जाना होता है, इसके बावजूद लंबे समय तक समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार गांवों में सफाई कर्मियों की तैनाती और स्वच्छ भारत मिशन के दावों के बीच शिक्षण संस्थानों के सामने पसरी गंदगी व्यवस्था की जमीनी हकीकत बयां कर रही है। मामला तूल पकड़ने के बाद खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग ने सफाई कर्मियों को मौके पर भेजा। इसके बाद विद्यालय परिसर के बाहर और सड़क किनारे जमा कूड़ा हटवाकर साफ-सफाई कराई गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल सफाई कराई गई है।
यह भी पढ़ें | Mumbai News: आईसीआईबी और मलेशिया के कॉन्सुलेट जनरल ने मिलकर “सलाम मुंबई – मलेशिया एडिशन” को बनाया सुपरहिट!
| Advt |
| विज्ञापन |

