Jaunpur News: 30 करोड़ की साइबर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 2 आरोपी गिरफ्तार
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जौनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑनलाइन इनवेस्टमेंट और बेटिंग एप के जरिए देशभर के लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में कृष्णा सिंह (निवासी नेवढ़िया, जौनपुर) और रामप्रताप सिंह (निवासी चंदवक, जौनपुर) शामिल हैं। इन दोनों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से एनसीआरपी पोर्टल पर कुल 61 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें लगभग 30 करोड़ रुपये की साइबर ठगी सामने आई है।
ऐसे करते थे ठगी
अभियुक्त बनारस में किराए के मकान में फर्जी ऑफिस चलाते थे और टेलीग्राम व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को इनवेस्टमेंट और ट्रेडिंग के नाम पर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देते थे। शुरुआत में छोटे निवेश पर लाभ दिखाकर भरोसा जीतते और फिर बड़ी रकम निवेश कराकर ठगी कर लेते थे। ठगी की रकम को फर्जी दस्तावेजों के जरिए खुले बैंक खातों में मंगाकर एटीएम और चेक के माध्यम से निकाल लिया जाता था।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: राज्यमंत्री, विधायक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवारजन को दी सांत्वना
बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 2 महंगे मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 5 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। साथ ही विभिन्न बैंक खातों में करीब 20 लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं। इस संबंध में साइबर थाना जौनपुर में मुकदमा संख्या 21/2026 धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस व 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों द्वारा ठगी के पैसों से खरीदी गई संपत्तियों की जांच में जुटी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक महेश पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल राजेश यादव, उपनिरीक्षक आलोक सिंह, महिला उपनिरीक्षक नीलम सिंह सहित पूरी साइबर टीम की अहम भूमिका रही।
![]() |
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |

