Bareilly News: इलेक्ट्रिक कार से नगर निगम पहुंचे महापौर डॉ. उमेश गौतम
पीएम मोदी और सीएम योगी की अपील को बताया प्रेरणा, नगर निगम में डीजल- पेट्रोल खर्च कम करने की शुरुआत
निर्भय सक्सेना @ नया सवेरा
बरेली। देश में बढ़ती ईंधन खपत और बचत अभियान के बीच बरेली नगर निगम के महापौर डॉ. उमेश गौतम इलेक्ट्रिक कार से नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उनका यह कोई दिखावा नहीं बल्कि देशहित में जिम्मेदारी निभाने वाला प्रयास है। महापौर डॉ उमेश गौतम ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें लगातार शहर के अलग- अलग इलाकों में जाकर लोगों की समस्याएं सुननी पड़ती हैं। ऐसे में यदि इलेक्ट्रिक वाहन अपनाए जाएं तो पेट्रोल- डीजल की खपत कम की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाना भी जरूरी है और संसाधनों की बचत भी, इसलिए हमने भी व्यवहारिक रास्ता चुना है। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने केवल खुद इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने तक पहल सीमित नहीं रखी बल्कि एस्कॉर्ट ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के लिए भी इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराने की शुरुआत की है।
नगर निगम में खर्च कम करने की कवायद
नगर निगम ने अब ईंधन खर्च कम करने के लिए कई स्तर पर बदलाव शुरू कर दिए हैं। एस्कॉर्ट वाहनों को भी इलेक्ट्रिक किया है जबकि जनरेटर उपयोग भी सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं। महापौर डॉ गौतम ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील कर रहे हैं। नगर निगम उसी संदेश को जमीन पर उतारने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपील की कि अनावश्यक वाहन संचालन से बचें और वैकल्पिक ऊर्जा साधनों को अपनाएं।
यह भी पढ़ें | Poetry: योगासन......!
शहर को देना चाहते हैं नया संदेश
महापौर गौतम का कहना है कि यदि सरकारी विभाग खुद पहल करेंगे तो आम लोग भी प्रेरित होंगे। इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने से न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। नगर निगम आने वाले समय में और भी विभागीय कार्यों में ऊर्जा बचत मॉडल लागू करने की तैयारी कर रहा है।
| विज्ञापन |

