Jaunpur News: राज्य मंत्री ने किया ड्रीमलैंड प्रदर्शनी मेले का भव्य उद्घाटन
बिपिन सैनी @ नया सवेरा
जौनपुर। नगर के बीआरपी कॉलेज मैदान में आयोजित ड्रीमलैंड प्रदर्शनी मेले का शुक्रवार रात भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर किया। इस वर्ष मेले को अत्यंत आकर्षक और आधुनिक शैली में सजाया गया है। मेले में लगाए गए रेंजर झूले, डबल डिस्क झूले तथा शिमला-श्रीनगर थीम पर तैयार किए गए कृत्रिम झरने दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जगह-जगह बनाए गए सेल्फी पॉइंट युवाओं और बच्चों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं।
मेले के आयोजक सचिन त्रिपाठी, आनंद त्रिपाठी एवं शिवशंकर सिंह ने बताया कि जनपद में पहली बार शिमला और श्रीनगर की तर्ज पर बहते पानी के विशाल झरनों की विशेष थीम तैयार की गई है, जो गर्मी के मौसम में लोगों को राहत का एहसास कराएगी। मेला परिसर में श्रीनगर रेलवे स्टेशन, कश्मीर वैली, वंदे भारत एक्सप्रेस तथा 100 फीट ऊंचे झरने की आकर्षक प्रतिकृतियां बनाई गई हैं। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए जापानी चिल्ड्रेन पार्क, टॉय ट्रेन तथा छोटे-बड़े कई आधुनिक झूले लगाए गए हैं। मेले में देशी-विदेशी झूलों के साथ अनेक आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस, श्रीनगर और लाल चौक की थीम पर तैयार स्थल युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महिलाओं के लिए मेले में मीना बाजार सजाया गया है, जहां घरेलू उपयोग की वस्तुएं, सौंदर्य प्रसाधन, वस्त्र, परिधान और बर्तनों की अनेक दुकानें लगाई गई हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: युवक ने मारपीट व नगदी छीनने का लगाया आरोप
आयोजकों ने बताया कि मेला प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है तथा मुख्य द्वार के पास सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। आयोजकों ने जनपदवासियों से परिवार सहित मेले का आनंद लेने की अपील की है।
| विज्ञापन |


