BREAKING

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जौनपुर में चला जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को किया सचेत

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। जनपद में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम है- "डेंगू नियंत्रण के लिए जन भागीदारीः जांच करें, सफाई करें और ढकें।" डेंगू दिवस मनाए जाने का मुख्य उद्देश्य है कि जन मानस को डेंगू के कारण, लक्षण, बचाव आदि के प्रति जागरूक किया जाए, इसके वाहक मच्छरों के रोक थाम, प्रभावित लोगों के जांच उपचार में सहयोग के प्रति जनभागीदारी बढ़ाई जाए, इसके जांच उपचार के प्रति लोगों को संवेदीकृत किया जाए ताकि समय से लोग जांच उपचार प्राप्त कर सकें।    

स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नगर विकास विभाग आदि द्वारा डेंगू जागरूकता संबंधित विभिन्न स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में टी बी चिकित्सालय परिसर जौनपुर में जनसमुदाय एवं स्टाफ के साथ डेंगू जागरूकता गोष्ठी, शपथ, स्लोगन वाचन, पोस्टर पेस्टिंग आदि कार्यक्रम सम्पादित हुए एवं अगली कड़ी में ए एन एम प्रशिक्षण केंद्र करंजाकला में प्रशिक्षु ए एन एम को डेंगू के कारण, लक्षण, बचाव, जांच, उपचार, बीमारी प्रबंधन के बारे में प्रशिक्षण देकर डेंगू रोक थाम हेतु शपथ दिलाई गई एवं उसी के अगली कड़ी में पीएचसी करंजाकला में अधीक्षक डॉक्टर एस के जायसवाल के नेतृत्व में चिकित्सक, स्टाफ के साथ डेंगू संवेदीकरण विचार गोष्ठी, पोस्टर बैनर प्रदर्शन के माध्यम डेंगू जागरूकता संदेश दिया गया। इसी के साथ अन्य स्वास्थ्य केंद्रों जैसे डोभी, धर्मापुर, महराजगंज, खुटहन, सिकरारा, सोंधी आदि में भी जागरूकता गोष्ठी, शपथ आदि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अर्बन जौनपुर में विभिन्न मोहल्लों जैसे बड़ी मस्जिद रोजार्जन, नई बाजार नईगंज, जोगियापुर, मतापुर में मलेरिया फाइलेरिया स्टाफ द्वारा जन जागरूकता गोष्ठी, पोस्टर प्रदर्शन, एंटीलार्वल स्प्रे, एंटोमोलॉजिकल सर्वे, सोर्स रिडक्शन, प्रचार प्रसार आदि का कार्य किया गया।

 शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न स्कूलों जैसे लक्ष्मी नारायण इंटर कॉलेज, भौंरा केराकत, श्री भागवत इंटर कॉलेज अमिहित केराकत, श्री गणेश इंटर कॉलेज, बटाऊवीर, राजकीय इंटर कॉलेज बदलापुर खुर्द, जी जी आई सी मछलीशहर, जी एच एस हरईपुर, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उतरगांवा धर्मापुर आदि में छात्र छात्राओं के बीच डेंगू जागरूकता गोष्ठी, चित्रकला प्रतियोगिता, शपथ, वीडियो संदेश प्रसारण, ब्लैकबोर्ड लेखन आदि गतिविधियां संपादित कराई गईं।

 डेंगू मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाला एक वायरस जन्य संक्रामक रोग होता है। इसके मच्छर को टाइगर मच्छर भी कहते हैं क्योंकि इसके शरीर पर टाइगर जैसे सफेद, काली पट्टियां होती हैं। यह मच्छर रुके हुए साफ पानी में प्रजनन करता है एवं अंधेर, नम, गंदे स्थानों में रहता है। यह दिन में खास कर सुबह शाम ज्यादा काटता है।

यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

 डेंगू में हड्डियों, जोड़ों में दर्द के साथ तीव्र बुखार आता है सिर, बदन, मांसपेशियों, आंखों में दर्द, शरीर पर चकत्ते, उल्टी मितली, कमजोरी आदि शुरुवाती लक्षण दिखाई देते हैं। जांच उपचार में देरी होने पर खून की कमी, रक्तस्राव हो सकता है, मरीज कोमा में भी जा सकता है।

 डेंगू होने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए तत्काल प्रशिक्षित डॉक्टर को दिखाएं समय से जांच उपचार कराएं, अपने से कोई दवा न लें, दर्द निवारक दवाओं, स्टीरॉयड आदि से बचें, पूरी तरह आराम करें, ओ आर एस, ताजे फलों, सब्जियों के जूस, सूप, दाल का पानी, नारियल पानी, दूध, छाछ, दलिया, तरलता, इम्यूनिटी बढ़ाने वाले खाद्य सामग्रियों का अधिक से अधिक सेवन करें, तले भुने गरिष्ठ भोजन से बचें, मच्छर दानी का उपयोग करें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहने, कहीं भी किसी भी जल पात्र में पानी न एकत्र होने दें, रुके हुए पानी को सप्ताह में एक बार अवश्य बदल दें, टंकियों को ढक कर रखें, घरों के अंदर बाहर साफ सफाई रखें, खिड़कियों, दरवाजों पर मच्छररोधी जाली लगवाएं।  जनपद जौनपुर डेंगू रोग के प्रति एक संवेदनशील जनपद है यहां पर 2022 में 1160 डेंगू केस, 2023 में 868 केस, 2024 में 625 केस, 2025 में 125 केस , 2026 में अब तक दो केस रिपोर्ट हुए हैं।  जनपद के समस्त सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज में डेंगू के जांच, उपचार, भर्ती की निःशुल्क व्यवस्था उपलब्ध है। जिला चिकित्सालय में एलिजा जांच मशीन, किट, ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन आदि व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं।

माँ गायत्री हार्ट सिटी, जौनपुर |  स्थान: माँ गायत्री हार्ट सिटी, जौनपुर |  📞 संपर्क करें: 9307888197, 9140558338, 8960148448
विज्ञापन

Admission Open 2026-27  Nehru Balodyan Sr. Secondary School  Kanhaipur, Jaunpur  Contact 9415234111, 9415349820, 94500889210
विज्ञापन



नया सबेरा का चैनल JOIN करें