Jaunpur News: 10 दिन से अंधेरे में जी रहे 25 परिवार, ट्रांसफार्मर न बदलने से बढ़ी परेशानी
नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय विकासखंड मडियाहूं के ग्राम पंचायत रजमलपुर की यादव बस्ती में पिछले 10 दिनों से बिजली व्यवस्था ठप होने के कारण लगभग 25 परिवार अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार 29 अप्रैल को आई तेज आंधी के दौरान गांव में लगा 10 केवी का ट्रांसफार्मर खंभे सहित टूटकर गिर गया था। घटना के बाद विद्युत विभाग द्वारा खंभे और लाइन की मरम्मत तो करा दी गई, लेकिन जला ट्रांसफार्मर अब तक बदला नहीं जा सका है। बिजली न रहने से ग्रामीणों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय पूरा मोहल्ला अंधेरे में डूब जाता है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: शराबी पति का आतंक! पत्नी समेत मायकेवालों की पिटाई
ग्रामीण अरविंद यादव, राजदेव यादव, राय साहब तथा पन्नालाल ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि ट्रांसफार्मर का पीआर बन चुका है और विभागीय प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आज शाम तक नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
| Advt |
| विज्ञापन |