Jaunpur News: फर्जी वसीयतनामा बनाकर जमीन हड़पने का आरोप, पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं, जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के लगधरपुर गांव निवासी अभय पटेल ने अपने चचेरे भाइयों समेत अन्य लोगों पर फर्जी वसीयतनामा तैयार कर कृषि भूमि हड़पने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने पांच नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अभय पटेल ने गुरुवार को कोतवाली में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता धनी शंकर पटेल बिजली विभाग में कार्यरत थे और 15 दिसंबर 2022 को उनका निधन हो गया था। मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति प्रार्थी अभय पटेल और उनकी माता आभा किरण पटेल के नाम खतौनी में दर्ज हुई। अभय के अनुसार वह वाराणसी में रहते हैं और खेती के सिलसिले में गांव आते-जाते रहते हैं।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पारंपरिक खेती से फूलों की खेती तक: आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल
आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर उनके चचेरे भाई विनोद कुमार, आलोक कुमार, रामप्यारी उर्फ प्यारी देवी, शांता प्रसाद व अन्य लोगों ने आपस में साजिश कर उनके पिता के नाम से 9 जुलाई 2000 की एक कूटरचित व अपंजीकृत फर्जी वसीयत तैयार कर ली। इस वसीयतनामा की छाया प्रति मड़ियाहूं तहसील न्यायालय में नामांतरण के दौरान प्रस्तुत की गई। फर्जी वसीयत में बनारस स्थित मकान व सेवानिवृत्ति निधि पत्नी व पुत्र के नाम तथा लगधरपुर, केशवपुर, चतुरपुर, बेनीपुर व आराजी भोड़ा स्थित कृषि भूमि अन्य वारिसों के नाम दर्शाई गई है।
पीड़ित का कहना है कि वसीयतनामा पर उनके पिता के हस्ताक्षर भी फर्जी हैं। आरोपियों द्वारा जमीन पर जाने से रोकने और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
![]() |
| विज्ञापन |

